Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

लोरमी में बवाल: संदीप पाठक के घर के बाहर लिखा ‘गद्दार’, AAP कार्यकर्ता बोले- थिंक टैंक’ निकला सेप्टिक टैंक

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में सोमवार दोपहर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रभारी संदीप पाठक के खिलाफ था, जिन्होंने हाल ही में AAP छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।

घर पहुंचकर किया विरोध, दीवार पर लिखा ‘गद्दार’
AAP कार्यकर्ता मुंगेली के बटहा गांव स्थित संदीप पाठक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की। विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिख दिया। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस प्रदर्शन की तस्वीरें भी साझा कीं और तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा- “जिसे थिंक टैंक समझा, वो सेप्टिक टैंक निकला।”

छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव
संदीप पाठक का छत्तीसगढ़ से गहरा संबंध रहा है। उनका जन्म मुंगेली जिले के बटहा गांव में हुआ। शुरुआती पढ़ाई लोरमी क्षेत्र में करने के बाद वे आगे की शिक्षा के लिए बिलासपुर गए। उन्होंने विज्ञान विषय में उच्च शिक्षा हासिल की और बाद में यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से पीएचडी की डिग्री प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में भी कार्य किया।

राजनीति में अहम भूमिका
साल 2016 में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी से जुड़ने के बाद संदीप पाठक ने संगठन और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खासकर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति को अहम माना गया।

इसी के चलते उन्हें अप्रैल 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद चुना गया और बाद में पार्टी का राष्ट्रीय संगठन महासचिव बनाया गया। वे पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य भी रहे, जहां से बड़े फैसलों में उनकी भूमिका रही।

छत्तीसगढ़ में संगठन पर असर
छत्तीसगढ़ में AAP के संगठन को खड़ा करने में भी संदीप पाठक की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। करीब एक साल पहले उन्हें राज्य का प्रभारी बनाया गया था, जहां उन्होंने संगठन विस्तार और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया।

ऐसे में उनका पार्टी छोड़कर भाजपा में जाना AAP के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह बदलाव राज्य में पार्टी की रणनीति और भविष्य की दिशा को भी प्रभावित कर सकता है।

कार्यकर्ताओं में नाराजगी जारी
लोरमी में हुए इस विरोध प्रदर्शन से साफ है कि पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा असंतोष है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल और गरमाने की संभावना जताई जा रही है।

Related Posts

1 of 297