छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आजाद चौक इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से सामान चोरी किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक पुलिस जीप की खिड़की से हाथ डालकर सामान निकालते और बाद में डर के मारे उसे वापस रखते नजर आ रहा है। हालांकि, पुलिस ने चोरी की किसी भी घटना से साफ इंकार किया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 10 सितंबर की रात की बताई जा रही है। आजाद चौक स्थित साईं मंदिर रोड पर ट्रैफिक जाम और एक गली में मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हड़बड़ी में पुलिस वाहन का चालक खिड़की का शीशा खुला ही छोड़ गया और टीम के साथ ट्रैफिक क्लीयर कराने व विवाद स्थल पर चला गया।
इसी दौरान आसपास पुलिसकर्मियों की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर बदमाशों के एक समूह ने जीप को घेर लिया। एक युवक ने खिड़की से अंदर हाथ डालकर सीट पर रखा सामान (पर्स या डायरी) निकाला और अपनी जेब में रखकर साथियों के साथ वहां से फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद होने पर वापस लौटा चोर
पुलिस जीप में चोरी का वीडियो वायरल होने के बाद एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया। चर्चा है कि जब बदमाशों को यह पता चला कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और वे कैमरे में कैद हो चुके हैं, तो उनके होश उड़ गए। डर के मारे वे दोबारा मौके पर लौटे और चुराया हुआ सामान वापस पुलिस गाड़ी की सीट पर रखकर चुपचाप निकल गए।
टीआई का बयान: वायरल वीडियो एडिटेड, गाड़ी में केवल डायरी थी
इस पूरे घटनाक्रम पर आजाद चौक थाना प्रभारी (टीआई) अर्चना धुरंधर ने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं उसी गाड़ी में थीं और उनका पर्स व मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित है।
टीआई ने वायरल हो रहे फुटेज को एडिटेड बताया है। उन्होंने स्वीकार किया कि बदमाश गाड़ी की खिड़की के अंदर हाथ जरूर डाले थे, लेकिन सीट पर केवल एक ऑफिशियल डायरी रखी हुई थी, जिसे बदमाशों ने निकालकर थोड़ी देर बाद वापस गाड़ी में ही रख दिया था। पुलिस ने वाहन से किसी भी तरह का पर्स या मोबाइल चोरी होने की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया है।










