छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। परिजनों की शिकायत और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर गांधीनगर थाना पुलिस ने एनएसयूआई (NSUI) छात्र नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने (Abetment of Suicide) का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी छात्र नेता फरार है जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय अंतरा शाह, जो राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (PG College) में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और अपने जीजा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी, ने शुक्रवार की रात घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शुरुआत में घटना सामान्य लग रही थी, लेकिन जब परिजनों ने मृतका की सहेलियों और दोस्तों से बातचीत की तो एक बड़ा खुलासा हुआ।
ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना के आरोप
परिजनों का आरोप है कि एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी लंबे समय से छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। मृतका की सहेलियों के हवाले से यह बात सामने आई कि आरोपी के पास छात्रा के कुछ पर्सनल चैट और वीडियो थे, जिन्हें वायरल करने या परिजनों को दिखाने की धमकी देकर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसी गंभीर मानसिक दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठाया।
ABVP का हंगामा और थाने का घेराव
घटना के विरोध में और आरोपी छात्र नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और परिजनों ने शनिवार देर रात गांधीनगर थाने का जोरदार घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द आरोपी को शिकंजे में लेने की मांग की।
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने की निष्पक्ष जांच की मांग
इस सनसनीखेज मामले तूल पकड़ने के बाद राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
गांधीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतका के मोबाइल फोन, चैट और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ज्ञान तिवारी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यात्मक पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।










