इंग्लैंड में होने जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है. पिछले साल ही पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में भी हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में ही अपनी दावेदारी पेश करेगी. अपने पहले टी20 खिताब की उम्मीद के साथ इस टूर्नामेंट जा रही भारतीय टीम में 2 साल बाद युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज यस्तिका भाटिया की वापसी हुई है. वहीं वनडे वर्ल्ड कप की स्टार ओपनर रहीं प्रतिका रावल को इस फॉर्मेट में जगह नहीं मिली है. वहीं WPL 2026 की स्टार पेसर नंदनी शर्मा को पहली बार टीम में मौका मिला है.
शनिवार 2 मई को BCCI के हेडक्वार्टर में सीनियर विमेंस सेलेक्शन कमेटी ने टीम का चयन किया, जिसमें कप्तान हरमप्रीत कौर और कोच अमोल मुजूमदार भी मौजूद थे. इसके कुछ देर बाद चीफ सेलेक्टर अमिता शर्मा की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमेटी ने इस टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यों वाले स्क्वॉड का ऐलान किया. वर्ल्ड कप की शुरुआत 12 जून से होगी, जबकि भारत का पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान से है. वहीं टूर्नामेंट से ठीक पहले टीम इंडिया का यही स्क्वॉड इंग्लैंड के खिलाफ 3 टी20 मैच की सीरीज भी खेलेगा.
प्रतिका-स्नेह बाहर, यस्तिका की वापसी
इस स्क्वॉड में कप्तान हरमनप्रीत, उप-कप्तान स्मृति मंधाना समेत कई खिलाड़ी वो ही हैं, जिन्होंने वनडे वर्ल्ड कप जीतने में बड़ी भूमिका निभाई थी. मगर फॉर्मेट अलग होने के कारण और कुछ फॉर्म जैसे मसलों के कारण कुछ खिलाड़ियों को इस वर्ल्ड कप के लिए जगह नहीं मिली है. इसमें एक बड़ा नाम ओपनर प्रतिका रावल का है. वहीं स्पिन-ऑलाराउंडर स्नेह राणा, अमनजोत कौर और बल्लेबाज हरलीन देओल इसका हिस्सा नहीं हैं.
वहीं जगह बनाने वाली खिलाड़ियों में बड़ा नाम यस्तिका भाटिया का है, जो अप्रैल 2024 के बाद से ही टी20 टीम से बाहर चल रही हैं. फॉर्म और चोट के कारण उन्होंने अक्टूबर 2024 के बाद से कोई इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है, जबकि अगस्त 2025 के बाद से ही अलग-अलग चोट की वजह से वो पूरी तरह से बाहर हैं. यहां तक कि वो वनडे वर्ल्ड कप में सेलेक्ट होकर भी बाहर हो गई थीं, जबकि हाल ही में WPL 2026 में भी नहीं खेल सकी थीं.
WPL स्टार की टीम में एंट्री
वहीं WPL 2025-26 में अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाने वाली तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को भी इस स्क्वॉड में जगह मिली है. खास बात ये है कि उन्हें पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है. यानि नंदनी ने अभी तक टीम इंडिया के लिए अपना डेब्यू भी नहीं किया है और अगर मौका मिलता है तो वर्ल्ड कप से ठीक पहले इंग्लैंड सीरीज या फिर टूर्नामेंट में ही उनका डेब्यू होगा. आपको बता दें कि नंदनी ने WPL में सबसे ज्यादा 17 विकेट लिए थे.
T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फूलमाली, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, राधा यादव.









