भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने हाल ही में इस बात की घोषणा की है कि मौजूदा mAadhaar App जल्द ही बंद होने वाला है. इसका मतलब ये है कि अगर आप इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं तो जल्द ये ऐप आपके फोन पर काम करना बंद कर सकता है. अगर आपको Aadhaar Card से जुड़ी सर्विसेज का इस्तेमाल करना है तो आप नए आधार ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं, ये ऐप आप लोगों को गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर आसानी से मिल जाएगा.
इस ऐप का मकसद नागरिकों को Aadhaar जानकारी सुरक्षित रूप से स्टोर करने, उसे अपडेट रखने और दूसरों के साथ शेयर करने में मदद करना है. इस नए ऐप में QR बेस्ड आधार शेयरिंग, फ़ेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक लॉक कंट्रोल्स और चुनिंदा जानकारी शेयर करने जैसी सुविधाएं मिलती हैं.
बंद होने वाला है mAadhaar ऐप
X पर एक आधिकारिक पोस्ट में UIDAI ने इस बात की पुष्टि की है कि mAadhaar App जल्द ही बंद होने वाला है. यह भी बताया कि नया Aadhaar ऐप ज्यादा स्मार्ट, तेज और सुरक्षित डिजिटल एक्सपीरियंस देने के लिए डिजाइन किया गया है. नया Aadhaar ऐप 13 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों तक इसकी पहुंच बेहतर हो सके.
नए Aadhaar App की खूबियां
UIDAI के अनुसार, नए आधार ऐप में QR बेस्ड आधार शेयरिंग और ऑफलाइन आइडेंटिटी वेरिफिकेशन के लिए सपोर्ट है. यह यूजर्स को सेलेक्टिव शेयर नाम के फीचर के ज़रिए अपना आधार नंबर बताए बिना अपनी आइडेंटिटी वेरिफाई करने की सुविधा देता है. इससे यूजर्स चुन सकते हैं कि कौन सी जानकारी शेयर करना चाहते हैं, जिसमें फोटो, नाम, उम्र, जेंडर, मोबाइल नंबर, पता या आधार स्टेटस शामिल है.
ऐप में बायोमेट्रिक लॉकिंग कंट्रोल्स भी मिलते हैं. इसका इस्तेमाल फिंगरप्रिंट, चेहरे और आइरिस ऑथेंटिकेशन डेटा को लॉक करने के लिए किया जा सकता है, ताकि कोई इसका गलत इस्तेमाल न कर सके. जरूरत पड़ने पर इस लॉक को बाद में ऐप के जरिए हटाया भी जा सकता है.
UIDAI ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पुराने mAadhaar ऐप में स्टोर किया गया डेटा नए Aadhaar ऐप में अपने आप ट्रांसफर होगा या नहीं. इसलिए, मौजूदा यूज़र्स को अपडेटेड एप्लिकेशन डाउनलोड करने के बाद अपनी प्रोफ़ाइल फिर से मैन्युअली सेटअप करनी होगी.










