Trendingछत्तीसगढ

CG- महिला अधिवक्ता हत्याकांड का खुलासा: शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ही निकला कातिल, चेहरा कुचलकर जंगल में फेंकी थी लाश

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला अधिवक्ता (वकील) आराधना सिदार की अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी ने शादी के लगातार बन रहे दबाव से परेशान होकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने पत्थर से मृतका का चेहरा और सिर बुरी तरह कुचल दिया था।

बांध के पास मिली थी निर्वस्त्र लाश, प्रेमी पर था शक

चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह डेम (बांध) के पास एक अज्ञात युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। बाद में मृतका की पहचान स्थानीय महिला अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम जांच में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आराधना को आखिरी बार उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल के साथ देखा गया था।


घुमाने के बहाने जंगल ले गया और कर दी हत्या

संदेह के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और कड़ाई से पूछताछ करते हुए आरोपी लोकनाथ पटेल को सक्ती क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां की:

  • शादी को लेकर विवाद: आरोपी और आराधना के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच शादी करने को लेकर लगातार विवाद चल रहा था।
  • गला दबाकर हत्या: घटना वाले दिन आरोपी आराधना को घुमाने के बहाने खरसिया क्षेत्र के जंगल में ले गया। वहां फिर से दोनों के बीच शादी की बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जिससे गुस्साए आरोपी ने गला दबाकर आराधना की हत्या कर दी।
  • पहचान छिपाने की क्रूर कोशिश: हत्या के बाद शव की पहचान न हो सके, इसके लिए आरोपी ने एक बड़े पत्थर से आराधना के सिर और चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया।

सबूत मिटाने के लिए कपड़े अलग-अलग जगहों पर फेंके

आरोपी ने अपराध को पूरी तरह छिपाने की साजिश रची थी। उसने शव के कपड़े उतारकर जंगल और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए ताकि पुलिस गुमराह हो सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बहुत ही सामान्य तरीके से अपने घर लौट आया था, जैसे कुछ हुआ ही न हो।

लेकिन पुलिस की पैनी नजर, साइबर सेल की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स (CDR) के अकाट्य साक्ष्यों के आगे आरोपी की चालाकी धरी की धरी रह गई। फिलहाल, पूंजीपथरा थाना पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Related Posts

CG NEWS- 12 हजार की रिश्वत लेने वाले क्लर्क को 3 साल की जेल, विशेष न्यायालय ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला

बलरामपुर/रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रिश्वतखोरी के एक…

1 of 330