बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक युवक पहले से शादीशुदा है, लेकिन वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में दूसरी महिला के साथ रह रहा था। दोनों लंबे समय से साथ में रह रहे थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाया गया।
सकरी थाना पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच घंटों समझाइश चलती रही। बाद में मामला कोर्ट पहुंचा, जहां दोनों ने स्टाम्प पेपर पर आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।
हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक बहस और हंगामे का माहौल बना रहा। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रेम संबंध, घरेलू विवाद और थाने में चले हाई-वोल्टेज ड्रामे को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।









