Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, मिला सुसाइड नोट

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल सहित तमाम आला अधिकारी और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई है। घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है।

फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी, बेड पर मृत मिले मासूम बच्चे

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत परिवार की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनके शव घर के भीतर फाँसी के फंदे पर लटके हुए पाए गए। वहीं, उनके दो मासूम बच्चे— पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) कमरे में मृत अवस्था में लेटे हुए मिले। बच्चों की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि पहले बच्चों को मौत के घाट उतारा गया और फिर पति-पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाया।

SSP विजय अग्रवाल और FSL की टीम मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर बुलाई गई फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की एक्सपर्ट यूनिट साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है ताकि मौत के सही कारणों और घटना के समय का पता लगाया जा सके।

सुसाइड नोट में ‘पारिवारिक विवाद’ का हवाला

जांच के दौरान पुलिस को घटना स्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस सुसाइड नोट में ‘पारिवारिक विवाद’ का हवाला दिया गया है। गृह कलह या किसी बड़े पारिवारिक तनाव के चलते यह खौफनाक कदम उठाए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब इस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराने के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों और करीबियों से पूछताछ कर रही है।

मर्ग कायम, जांच में जुटी पुलिस

थाना मोहन नगर पुलिस ने इस पूरे मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही हंसते-खेलते परिवार के चार लोगों की इस तरह असमय मौत से पूरे आर्य नगर इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

CG NEWS- रेत भंडारण को लेकर दुर्गा चौक पर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के 10 से अधिक लोगों पर FIR, यूपी से जुड़े तार

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिला मुख्यालय के दुर्गा चौक पर देर रात रेत भंडारण…

1 of 366