रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य के गांजे के साथ दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।
उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजा जा रहा था गांजा
पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा दो सफेद रंग की कारों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजा जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की।
कटकलिया मार्ग पर पकड़ी गईं दोनों गाड़ियां
नाकेबंदी के दौरान कटकलिया मार्ग पर एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच में इनोवा वाहन में दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद दोनों वाहनों की तलाशी ली गई।
300 किलो गांजा और लग्जरी वाहन जब्त
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी जब्त किए हैं।
अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की जांच
पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- निखिल कश्यप (23 वर्ष) – निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
- रिंकु कश्यप (28 वर्ष) – निवासी नवानगर, थाना दरिमा, जिला सरगुजा
- धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष) – निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की प्राथमिकता अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों पर प्रभावी प्रहार करना है।










