Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता: दोहरे हत्याकांड और लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड और लूट की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मुख्य आरोपी और लूट का माल खरीदने वाला एक सराफा व्यापारी शामिल है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों मुख्य आरोपी जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में 2-3 जून की दरमियानी रात घर के बरामदे में सो रहे पति-पत्नी पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद मृतका के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे। मामले में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

साइबर सर्विलांस से मिले सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को साइबर सर्विलांस पर रखा। मोबाइल टावर डंप और कॉल डिटेल के विश्लेषण से संदिग्धों की लोकेशन खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा गांव के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस ने पलगड़ा स्थित एक ढाबे से देवकुमार यादव को हिरासत में लिया। उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ।

कड़ी पूछताछ में देवकुमार यादव ने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने रूपचरण यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।

मोटरसाइकिल विवाद बना हत्या की वजह

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की योजना बनाई। वारदात की रात आरोपियों ने घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया और सो रहे दंपती पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने मृतका के गहने, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।

आभूषण खरीदने वाला सराफा व्यापारी भी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी रूपचरण यादव के घर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए। जांच में पता चला कि लूटे गए सोने के आभूषणों को जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेचा गया था।

पुलिस ने बाबूलाल साहू के घर से मृतका के आभूषण बरामद कर उसे भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 ग्राम सोने के आभूषण, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

2024 के चर्चित दोहरे हत्याकांड का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उस मामले में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने और घर से आभूषण लूटने की बात कबूल की है।

आईजी ने घोषित किया पुरस्कार

दो अंधे दोहरे हत्याकांडों का सफलतापूर्वक खुलासा करने पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने सक्ती पुलिस की जांच टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Posts

1 of 368