Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

पेंड्रा: ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी हत्याकांड का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

पेंड्रा। कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और कार बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। झारखंड से ट्रेन के जरिए अकलतरा पहुंचे आरोपियों ने मास्टरमाइंड खुशीराम साहू के साथ मिलकर खम्हरिया से एक मोटरसाइकिल खरीदी और कोटमीकला साप्ताहिक बाजार पहुंचकर प्रदीप सोनी से लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने अवैध हथियार से गोली मार दी, जिससे प्रदीप सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण रातभर तिलोरा-बोदरापारा के जंगल में छिपे रहे। अगले दिन सभी आरोपी अलग-अलग होकर भाग निकले और लूटे गए आभूषण आपस में बांट लिए। मास्टरमाइंड खुशीराम साहू ने लूट का कुछ हिस्सा अपने दामाद श्रेयांस शुक्ला को भी सौंप दिया।

गौरतलब है कि 26 मई 2026 को हुई इस वारदात के बाद बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो सप्ताह के भीतर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही सोना-चांदी व्यापारियों की रेकी कर रहे थे और लूट की योजना बनाकर बाजार पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा, लगभग 40 ग्राम सोना, 4 किलो 480 ग्राम चांदी के आभूषण, सात मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट कार जब्त की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार और झारखंड में लूट एवं चोरी के कई पुराने मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले को सुलझाने में जीपीएम, बिलासपुर, मुंगेली पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्य के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग ने पूरी टीम को एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

Related Posts

1 of 368