रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने नकली प्रोफाइल बनाकर उनके परिचितों को मैसेज भेजे और पैसों की मांग शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद साइबर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोमवार को सुबोध सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल तैयार की। चौंकाने वाली बात यह रही कि महज दो घंटे के भीतर इस फर्जी अकाउंट से 58 लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर जोड़ लिया गया। इसके बाद आरोपी ने उनके परिचितों को संदेश भेजकर पैसे मांगने शुरू कर दिए।
मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला कोई भी संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें। बिना सत्यापन किसी भी बैंक खाते या डिजिटल माध्यम से राशि ट्रांसफर न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल या संदेश की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर सेल को दें।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और पहचान की पुष्टि ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।










