Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- पुलिया धंसने से बीच पुल पर फंसी यात्री बस, 35 यात्रियों की सूझबूझ से बची जान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर बांसाझाल चपोरा आश्रम के पास नाले पर बनी पुलिया का बीच का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे पुष्पराज बस बीच पुल पर ही फंस गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, पुष्पराज बस (क्रमांक CG 10 G 1464) रविवार को पेंड्रा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस बांसाझाल चपोरा आश्रम के समीप नाले पर बनी पुलिया पर पहुंची, पुलिया का मध्य हिस्सा अचानक धंस गया। इससे बस बीच पुल पर अटक गई और आगे बढ़ना संभव नहीं हो सका।

घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक और परिचालक ने बिना घबराए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर भी मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य में सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि बस कुछ और आगे बढ़ जाती या पुल से नीचे गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिया धंसने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है।

घटना की सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और विभाग को दे दी गई है। पुलिया की तकनीकी जांच की जा रही है और यातायात बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर विचार किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिया निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत की मांग की है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; रायपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के…

रायपुर में चोरों का आतंक, शंकर नगर के कॉम्प्लेक्स से एसी की कॉपर वायरिंग चोरी; व्यापारियों में आक्रोश

रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं…

1 of 442