रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा के परिवार से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बुधवार को कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ उसके रिश्तेदारों के घरों पर भी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। इनमें एसीपी स्तर के अधिकारी के साथ दो टीआई और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस की दो टीमें शहर से बाहर आरोपी के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं, जबकि दो टीमें शहर के भीतर उसके मकान और रिश्तेदारों के निवास पर तलाश में जुटी हैं।
विदेशी सिम से धमकी देकर मांगी थी फिरौती
पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर पर आरोप है कि उसने विदेशी सिम का इस्तेमाल कर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम से धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने आनंद कुकरेजा के बेटे को मैसेज और व्हाट्सऐप कॉल कर 25 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी।
मामले की जांच के दौरान एक दीवार में करीब 12 से 18 इंच का छेद भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने जांच के आधार पर शोएब ढेबर को शनिवार को गिरफ्तार किया था और रविवार को अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया था। अदालत से उसे जमानत मिल गई थी।
जमानत के बाद गिरफ्तारी की आशंका, हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, निचली अदालत से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और उसकी गिरफ्तारी की आवश्यकता का हवाला देते हुए सेशन कोर्ट में अपील की। पुलिस की अपील स्वीकार होने के बाद आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता खुल गया।
इसी बीच शोएब ढेबर को दोबारा गिरफ्तार किए जाने की आशंका हुई और वह फरार हो गया। पुलिस को उसका मोबाइल नंबर भी बंद मिला है और फिलहाल उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है।
चार टीमें कर रही तलाश
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमें लगाई हैं। इनमें से दो टीमें शहर से बाहर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, जबकि अन्य टीमें रायपुर में आरोपी और उसके रिश्तेदारों से जुड़े स्थानों की जांच कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।










