Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में ज्वेलरी शॉप में सेंधमारी, 10 लाख के जेवर पार; दीवार में छेद कर घुसे नकाबपोश चोर

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में छेद कर वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने दीवार तोड़ने की कोशिश दो दिन तक की और दूसरी कोशिश में दुकान के अंदर दाखिल होने में कामयाब रहे।

दीवार में किया इतना बड़ा छेद

घटना कर्मा चौक स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की है। दुकान संचालक सुनील जैन के मुताबिक, सुबह दुकान खोलने के बाद अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर दुकान की पीछे की दीवार में करीब 12 से 18 इंच का छेद दिखाई दिया। छेद इतना बड़ा था कि उसमें से एक समय में एक व्यक्ति ही अंदर प्रवेश कर सकता था।

चोरों ने दुकान के अंदर लगे फॉल्स सीलिंग को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद जांच में चोरी का पता चला। दुकान से करीब ढाई तोला सोने के आभूषण और दो किलो से अधिक चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

CCTV में नजर आए नकाबपोश

पुलिस को घटनास्थल से CCTV फुटेज मिले हैं। फुटेज में दुकान के अंदर दो नकाबपोश चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात में तीन से चार लोग शामिल हो सकते हैं। दुकान से निकलने और इलाके से फरार होने के दौरान के फुटेज भी पुलिस को मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों के बाइक से फरार होने की जानकारी सामने आई है।

धार के चोर गिरोह पर पुलिस को शक

पुलिस को वारदात के पीछे मध्यप्रदेश के धार क्षेत्र के शातिर चोर गिरोह के शामिल होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, ऐसे गिरोह पहले रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाकों की रेकी करते हैं। खाली प्लॉट से लगी दुकानों को निशाना बनाने के बाद आरोपी उसी रास्ते से वापस निकल जाते हैं।

इस वारदात में भी दुकान के पीछे एक बड़ा खाली प्लॉट था। प्लॉट की बाउंड्री पर गेट में ताला लगा हुआ था। आशंका है कि चोर बाउंड्री फांदकर अंदर पहुंचे और वहां से दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाने की कोशिश की।

पहली कोशिश नाकाम, दूसरी रात वारदात

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, चोरों ने पहले दिन दीवार में छेद करने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। इसके बाद वे दोबारा पहुंचे और उसी स्थान पर दीवार तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने सोने-चांदी के जेवर समेटे और बाइक से फरार हो गए।

कचना ज्वेलरी चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा

रायपुर के कचना इलाके में करीब एक महीने पहले शिव ज्वेलर्स में भी चोरी की घटना हुई थी। चोर गैस कटर से शटर काटकर दुकान में दाखिल हुए थे। उस वारदात में करीब दो तोला सोना और 15 किलो से अधिक चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई थी।

इस घटना का CCTV फुटेज भी पुलिस को मिला था, जिसमें एक नकाबपोश आरोपी दुकान के अंदर जेवर निकालता दिखाई दिया था। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली थी। हालांकि, करीब डेढ़ महीने बाद भी उस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

अब रामनगर की ज्वेलरी शॉप में हुई सेंधमारी के बाद पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

Related Posts

रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर मंगौड़ी सेंटर पर कार्रवाई, गांजा-नशीली गोलियों समेत नकदी बरामद होने का दावा

रायपुर। राजधानी रायपुर में सेंट्रल जेल के बाहर संचालित एक मंगौड़ी सेंटर पर जेल…

सियासी मतभेद के बीच मुलाकातों का दौर, दीपक बैज ने किरण देव से की भेंट; टीएस सिंहदेव पहुंचे डॉ. रमन सिंह के घर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में मंगलवार को अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की…

1 of 474