बालोद। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित तौर पर तंत्र-मंत्र की गतिविधि कर रहे 9 लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
श्मशान के पास चल रही थी गतिविधि
बताया जा रहा है कि जोरातराई गांव में श्मशान के पास कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियां कर रहे थे। ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रनचिरई पुलिस ने वहां मौजूद 9 लोगों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पितृ पक्ष से पहले श्मशान के पास इस तरह की गतिविधि और एक-दूसरे का मुंडन किए जाने से उन्हें तंत्र-मंत्र की साधना किए जाने की आशंका हुई।
मौके से नींबू समेत सामग्री बरामद
पुलिस के पहुंचने पर मौके से नींबू समेत अन्य सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन सामग्रियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकान्त गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सभी को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और श्मशान के पास की गई गतिविधि के पीछे वास्तविक उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है।










