Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड का खुलासा, पूर्व रंजिश में हत्या की साजिश; 7 आरोपी गिरफ्तार

फरसगांव। बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व रंजिश के चलते सरपंच की हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडा और लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

जंगल में घात लगाकर बैठे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है।

सूचना मिलते ही एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर एएसपी कपिल चंद्रा और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एफएसएल, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना और रिजर्व केंद्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर थी रंजिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी मिट्ठू राम नेताम से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम और आरोपी परिवार की एक महिला के बीच कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पहले से रंजिश थी।

इसी रंजिश के चलते मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नब्बू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।

हाथ बांधकर की बेरहमी से पिटाई
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की सूचना मिलने पर सभी आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ बांध दिए।

इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट की। पुलिस के अनुसार, मारपीट के बाद सरपंच को बंधक बनाकर रखा गया और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

शव को कंबल से ढंककर रातभर बैठे रहे
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सरपंच के हाथ-पैर बांधकर उसे घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं मौजूद रहे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुबह परिजनों को सरपंच घायल अवस्था में मिला। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 103(1), 191(2) और 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल डंडा और लोहे की रॉड बरामद की है।

सभी सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

मिट्ठू राम नेताम — 45 वर्ष

श्रवण कुमार नेताम — 20 वर्ष

अमित कुमार नेताम — 20 वर्ष

लखन नेताम — 25 वर्ष

नब्बू वट्टी — 28 वर्ष

राकेश मंडावी — 21 वर्ष

प्रभु लाल नेताम — 20 वर्ष

सभी आरोपी ग्राम मोहपाल, थाना बड़ेडोंगर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी की 1 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तारी की गई।

मामले की विवेचना में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मौर्य, बड़ेडोंगर थाना पुलिस, साइबर टीम कोंडागांव और रिजर्व केंद्र कोंडागांव की टीम की विशेष भूमिका रही।

Related Posts

PGBT कॉलेज में फर्जीवाड़े का आरोप, प्राचार्य के फर्जी हस्ताक्षर से 5 शिक्षकों का तबादला कराने का मामला दर्ज

बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर स्थित PGBT कॉलेज में कथित दस्तावेजी फर्जीवाड़े का…

बिलासपुर में सरकारी स्कूल के छात्रों का फूटा गुस्सा, कॉपी के पन्ने पर शिकायत लिख कलेक्टर के पास पहुंचे

बिलासपुर। जिले के मल्हार स्थित एक शासकीय स्कूल की शिक्षा व्यवस्था को लेकर…

1 of 475