Trendingदेशबड़ी खबर

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: मुंबई से दिल्ली आकर नेपाल भागने वाले तीनों शूटर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है रेहान

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस को सोमवार सुबह संदिग्धों के ट्रेन से सफर करने और कोटा पहुंचने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और महज 15 मिनट के भीतर जाल बिछाकर ट्रेन की गहन तलाशी ली. इसी कार्रवाई में तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी, मुंबई से दिल्ली आकर नेपाल भागने की फिराक में थे.

एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुख्खा, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया है. अब उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा. इन तीनों में रेहान मुख्य शूटर है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था. उस पर आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं.

CM फडणवीस बोले- सूरत की ओर से भागे थे शूटर

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि हमले के आरोपियों को राजस्थान पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी सूरत की ओर भागे थे. इसके बाद उन्होंने पुणे-जयपुर ट्रेन पकड़ी. मुंबई पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रैक कर राजस्थान पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद कोटा स्टेशन पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस आरोपियों की कस्टडी लेकर उन्हें मुंबई लाएगी. मामले की पूरी जांच की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि हमले के पीछे कौन था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. फडणवीस ने साफ कहा कि जांच में सामने आने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

अभी तक हथियार बरामद नहीं

पुलिस को अभी तक फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं हुए हैं. एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अनिल पंडित, रेहान के संपर्क में था. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के बारे में जानकारी जुटाएगी. इस बीच मुंबई पुलिस कोटा पहुंच चुकी है और तीनों संदिग्धों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है. तीनों संदिग्ध पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल के डिब्बे में यात्रा कर रहे थे.

15 मिनट में पुलिस ने कैसे की कार्रवाई?

कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में शामिल तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई. पुलिस ने ट्रेन के कोटा पहुंचने पर तलाशी अभियान चलाया. एसपी के मुताबिक, कोटा सिटी पुलिस ने करीब 15 मिनट के भीतर जाल बिछाकर ट्रेन की गहन तलाशी ली और तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया.

अनिल पंडित के संपर्क में था रेहान

तीनो शूटर्स की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. तीनों, एक हैंडलर के सम्पर्क में थे. सिग्नल और टेलीग्राम ऐप के जरिए लगातार मैसेज और लोकेशन शेयर किए जा रहे थे. जांच में खुलासा हुआ कि रेहान, अनिल पंडित के संम्पर्क में था, जिसके डिजिटल फुटप्रिंट जांच एजेंसियों को मिले हैं. रिहान के कहने पर ही नाबालिग लड़का, जो कि सोनीपत का रहने वाला है… वो इस साजिश का हिस्सा बना. मुम्बई में पहले से मौजूद ऋतिक ने नाबालिग शूटर और रेहान को लॉजिस्टिक मुहैया करवाया था.

10 दिनों से रेकी कर रहे थे शूटर

सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ के घर के साथ ही उनके जिम की भी रेकी की थी. तकरीबन 10 दिनों से वे टाइगर की हर मूवमेंट और उनके शेड्यूल पर नज़र बनाये हुए थे. आरोपियों को सोशल मीडिया पर पापराज़ी और ब्लॉगर्स के वीडियोज से टाइगर के उन ठिकानों की जानकारी मिल रही थी, जहां वे अक्सर आते-जाते थे. आरोपी वॉट्सऐप और सिग्नल ऐप के ज़रिए अपने हैंडलर्स से लगातार संपर्क में थे. इसी ऐप पर इन्हें क्राइम स्पॉट की लोकेशन भी शेयर की गई थी.

Related Posts

छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM अरुण साव चोटिल, सिम्स अस्पताल में पैर पर बांधा गया कच्चा प्लास्टर; कार्यक्रम निरस्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के चोटिल होने की खबर सामने आई है।…

दुर्ग के गरबा पंडालों में गहने और पैसे मांगने का आरोप, 10 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ; फिर छोड़ा

दुर्ग। जिले में गरबा और डांडिया पंडालों के दौरान श्रद्धालुओं से सोना-चांदी और…

1 of 480