कुरुद। धमतरी जिले में साइबर थाना और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 146 नग हीरे जैसे बहुमूल्य पत्थरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये बताई गई है। आरोपी ने पूछताछ में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है।
ग्राहक तलाशने की मिली थी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी, अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पॉलीथीन में रखे नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।
पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से उक्त पत्थरों की चोरी की थी। इसके बाद वह इन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। बरामद पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम पाया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य पत्थर, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है, एक सैमसंग गैलेक्सी एस21 एफई 5जी मोबाइल फोन, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये है, तथा 2,200 रुपये नकद जब्त किए हैं। इस तरह कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को न्यायालय कुरुद के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनन, चोरी, तस्करी या खनिज संपदा की संदिग्ध खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।










