फरसगांव। फरसगांव थाना क्षेत्र के गट्टीपलना मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कार्यक्रम देखने जा रहे थे सभी सात लोग
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सात लोग सवार होकर पांडेआठगांव में आयोजित कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टीपलना मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए।
सड़क सुरक्षा समिति ने पहुंचाई मदद
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आर्मी जवान मनीष नेताम का उपचार जारी है।
छह घायलों में दो की हालत गंभीर
हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम और तेजलाल नेताम, सभी निवासी ग्राम पल्ली, तथा परदेशी कोर्राम निवासी आलोर के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार फरसगांव अस्पताल में जारी है।
पुलिस कर रही दुर्घटना की जांच
फरसगांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बोलेरो अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।










