चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों के बीच विवाद के बाद एसिड अटैक का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार साल से प्रेम संबंध में रह रही युवती ने विवाद के दौरान अपने प्रेमी पर कांच की बोतल में रखा एसिड फेंक दिया। इस हमले में युवक के दाहिने हाथ, कलाई और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार साल से चल रहा था प्रेम संबंध
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 04 सोनारिन घाट, चांपा निवासी संतोष सोनी सोने के जेवर बनाने का काम करता है। पीड़ित के अनुसार, पिछले करीब चार वर्षों से उसका समाज की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था।
बताया गया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे संतोष अपनी प्रेमिका के घर चांपा पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
घर में रखी कांच की बोतल से फेंका एसिड
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान युवती गुस्से में आ गई और घर में रखी कांच की बोतल में मौजूद एसिड उसके ऊपर फेंक दिया। एसिड गिरने से संतोष के दाहिने हाथ की भुजा, कलाई और दाहिनी पसली के हिस्से में जलने की चोटें आईं।
हमले में युवक की काले रंग की टी-शर्ट का दाहिना हिस्सा भी जल गया। घटना के कुछ देर बाद पीड़ित ने विनोद सोनी और अपनी बहन अंजली सोनी को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, मामले की जांच जारी
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। एसिड से हमला किए जाने की पुष्टि भी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।










