सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव में 22 अक्टूबर की दरमियानी रात लक्ष्मी बाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी ने ही की महिला की हत्या
मृतका की पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है। वहीं, हत्या के आरोप में उसके पड़ोस में रहने वाले रंजीत धनवार को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।
हत्या के बाद फरार हो गया था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पड़ोसी रंजीत धनवार ने महिला के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि वह बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रात में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीने के बाद होता था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी रंजीत धनवार ने बताया कि वह, उसकी पत्नी और मृतका लक्ष्मी बाई शराब पीने के आदी थे। शराब पीने के बाद उनके बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी।
इसी आपसी विवाद के चलते आरोपी ने लक्ष्मी बाई के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी रंजीत धनवार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।










