भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है. तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया है. साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी चल रही है और बिना विकेट गंवाए 26 रन बना लिए हैं. इसी के साथ अब साउथ अफ्रीका की लीड 314 रनों की हो गई है. भारत ने पहली पारी में सिर्फ 201 रन बनाए. पहली पारी के आधार पर साउथ अफ्रीका को 288 रनों की लीड मिली थी.
इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए. ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम इंडिया को सीरीज ड्रॉ कराने के लिए ये मैच जीतना ही होगा. भारतीय टीम को कोलकाता टेस्ट मैच में 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. इस हार के चलते भारत सीरीज में 0-1 से पिछड़ चुका है.
भारत की पहली पारी में सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने दूसरे दिन के आखिरी सत्र में सधी बल्लेबाजी की और साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों को विकेट नहीं लेने दिया. हालांकि इस दौरान भारतीय पारी में सिर्फ 6.1 ओवरों का खेल हो पाया. खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन का खेल लगभग आधे घंटे पहले ही समाप्त करना पड़ा.
तीसरे दिन के खेल में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने इंटेट दिखाया. यशस्वी ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए. वहीं राहुल की डिफेंस सॉलिड रही. राहुल और यशस्वी के बीच पहले विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई. राहुल 22 रनों के निजी स्कोर पर केशव महाराज का शिकार बने. राहुल के आउट होने के कुछ देर बाद यशस्वी ने अपनी फिफ्टी पूरी की. यशस्वी ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 85 गेंदों पर अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया.
यशस्वी जायसवाल 58 रनों के निजी स्कोर पर स्पिनर साइमन हार्मर को विकेट दे बैठे. हार्मर ने फिर साई सुदर्शन (15 रन) को भी सस्ते में चलता कर दिया. भारत का चौथा विकेट ध्रुव जुरेल (0 रन) के रूप में गिरा, जो मार्को जानसेन का शिकार बने. कप्तान ऋषभ पंत (7 रन) से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने भी निराश किया. पंत को जानसेन ने अपने जाल में फंसाया.
मार्को जानसेन ने इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी (10 रन) और रवींद्र जडेजा (6 रन) को शॉर्ट पिच गेंदों पर चलता किया. जडेजा के आउट होने के समय भारत का स्कोर 122/7 था. यहां से वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने अर्धशतकीय पार्टनरशिप कर भारतीय पारी को संभाला. सुंदर-कुलदीप ने आठवें विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की. सुंदर को साइमन हार्मर ने आउट किया. सुंदर ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 92 बॉल पर 48 रन बनाए.
भारतीय टीम को नौवां झटका कुलदीप यादव के रूप में लगा. कुलदीप ने 3 चौके की मदद से 134 गेंदों पर 19 रन बनाए. कुलदीप को मार्को जानसेन ने आउट किया. जानसेन का ये पारी में पांचवां विकेट रहा. फिर जानसेन ने बुमराह (5 रन) को आउट कर भारतीय पारी समेट दी.
साउथ अफ्रीका की पहली पारी: मुथुसामी का शतक
मुकाबले में साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. साउथ अफ्रीका की पहली पारी में सेनुरन मुथुसामी ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया. मुथुसामी ने 206 बॉल पर 109 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे. मुथुसामी के इंटरनेशनल करियर का ये पहला शतक रहा. मेहमान टीम के लिए मार्को जानसेन ने तो तूफानी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया.
मार्को जानसेन ने 7 छक्के और 6 चौके की मदद से 91 गेंदों का सामना करते हुए 93 रन बनाए. ट्रिस्टन स्टब्स (49 रन), काइल वेरेने (45 रन), टेम्बा बावुमा (41 रन), एडेन मार्करम (38 रन) और रयान रिकेल्टन (35 रन) ने भी बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया. भारतीय टीम की ओर से चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने चार विकेट झटके. रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को भी दो-दो सफलताएं हासिल हुईं.









