Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

कोंडागांव के कोकोड़ी में मक्का प्लांट के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, जमकर तोड़फोड़, 12 घंटे से धरने पर ग्रामीण

कोंडागांव। जिले के ग्राम कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। सैकड़ों महिला-पुरुष प्लांट के बाहर पिछले 12 घंटे से धरने पर बैठे हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शादी समारोह से भड़का विवाद

प्रदर्शन की शुरुआत गुरुवार देर रात हुई, जब गांव के पारा टेंगना पखना में शादी समारोह चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से आ रही तेज बदबू और मक्खियों की भरमार के कारण समारोह में शामिल लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे नाराज ग्रामीण खाना छोड़कर सीधे प्लांट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने प्लांट परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

खेतों को नुकसान का आरोप

ग्राम सरपंच मनसुख नेताम ने आरोप लगाया है कि प्लांट से निकलने वाला धुआं, गंदा पानी और कचरा आसपास के खेतों में फैल रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक कलेक्टर स्वयं मौके पर आकर चर्चा नहीं करेंगे और प्लांट बंद करने का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गांव में तनावपूर्ण माहौल

घटना की सूचना मिलते ही एसपी और एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रशासन ने प्लांट बंद करने के आदेश की बात कही है और प्रदूषण के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कोकोड़ी गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Posts

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले पेपर लीक! BSc सेकंड ईयर का एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में…

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 456