रायपुर। नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 28 से 30 नवंबर तक 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस हाई-प्रोफ़ाइल सुरक्षा सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल शामिल होंगे। तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में देशभर के डीजीपी और आईजी स्तर के अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की टीम आज रायपुर पहुंचेगी और कार्यक्रम स्थल सहित कई महत्वपूर्ण जगहों का निरीक्षण करेगी। कार्यक्रम को देखते हुए नया रायपुर को पूरी तरह हाई-सिक्योरिटी ज़ोन बनाया जा रहा है।
इस बार सम्मेलन का फोकस इन अहम विषयों पर रहेगा-
साइबर सिक्योरिटी
आतंकवाद-रोधी रणनीतियाँ
ड्रग नेटवर्क नियंत्रण
सीमा प्रबंधन
संगठित अपराध रोकथाम
तीन दिन में कुल 8 सेशन होंगे। पहले दिन 2, दूसरे दिन 4 और अंतिम दिन 2। शाह और डोभाल तीनों दिन उपस्थित रहेंगे जबकि प्रधानमंत्री मोदी संभवत: दो दिन सम्मेलन में भाग लेंगे।
सम्मेलन से एक दिन पहले 27 नवंबर को विस्तृत रिहर्सल होगी। उद्घाटन सत्र में अमित शाह और समापन सत्र में प्रधानमंत्री मोदी मौजूद रहेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बंगला अस्थायी PMO में बदला जाएगा।
सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपराध नियंत्रण पर अपनी प्रेजेंटेशन देंगे। इनका मूल्यांकन कर एक मॉडल स्टेट चुना जाएगा और राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने के लिए कॉमन गाइडलाइन तैयार की जा सकती है।
प्रधानमंत्री M-1 और केंद्रीय गृह मंत्री M-11 में ठहरेंगे। नए सर्किट हाउस में NSA अजीत डोभाल, डिप्टी NSA अनिश दयाल सिंह, IB चीफ तपन डेका और केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ठहरेंगे। सर्किट हाउस में 6 सूइट और 22 कमरे बुक। ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 और निमोरा अकादमी में 91 कमरे आरक्षित। सम्मेलन में 33 राज्यों से आए डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के 20 डीजी/एडीजी सहित 75 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भाग लेंगे।
सुरक्षा व समन्वय की मुख्य जिम्मेदारी एडीजी दीपांशु काबरा और आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई है।
आईजी छाबड़ा- भोजन व्यवस्था
ओपी पाल- आवास
ध्रुव गुप्ता- कंट्रोल रूम
परिवहन और अन्य प्रबंधन के लिए अलग टीमें तैनात
VIP ठहराव स्थलों पर कमांडेंट या SP रैंक के अधिकारी सुरक्षा प्रभारी होंगे। तीन शिफ्ट में सुरक्षा ड्यूटी लगाई जाएगी। IIM परिसर में IG रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे।









