रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। मुकाबले की शुरुआत में टीम इंडिया ने लगातार 20वां टॉस गंवाया, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले ही घंटे में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक युवक मैदान में घुस गया। बाउंसरों ने युवक को तुरंत कंधे पर उठाकर मैदान से बाहर ले जाया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
रायपुर में अब तक भारत ने कोई भी वनडे मैच नहीं हारा है। इसी कारण स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह चरम पर है। हजारों की संख्या में लोग स्टैंड्स पर पहुंचे और भारत के समर्थन में लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। । इस मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है और स्टेडियम तक पहुंचने वाली सड़कों पर कई जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। तेलीबांधा चौक पर लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ था।
महेंद्र सिंह धोनी के प्रसिद्ध फैन राम बाबू भी रायपुर पहुंचे हैं। उनकी मौजूदगी ने फैंस में और उत्साह भर दिया। तीन-स्तरीय सुरक्षा जांच के बाद दर्शकों को धीरे-धीरे एंट्री दी जा रही है। मैच शुरू होने से पहले ही स्टैंड्स लगभग भर चुके थे। क्रिकेट प्रेमियों की भारी मौजूदगी के बीच रायपुर में यह मुकाबला खास माहौल में खेला जा रहा है।









