पाली। ग्राम दुमरकछार में बीती रात चोरी की अनोखी वारदात सामने आई। चोर पहले घर में रखा खाना खा गया, उसके बाद तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया। घटना मंगलवार रात को पाली थाना क्षेत्र में हुई, जब घर के सदस्य किसी रिश्तेदार के कार्यक्रम में गए थे।
पुलिस ने बताया कि चोरी के वक्त घर में केवल एक बुजुर्ग व्यक्ति सो रहा था। चोर ने उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और बड़े इत्मीनान से घटना को अंजाम दिया। चोर किचन में रखे भोजन और सब्जियां खा गए। इसके बाद आलमारी तोड़कर जेवरात और नकदी ले गए। चोरी का कुल मूल्य तीन लाख रुपये आंका गया है।
सुबह बुजुर्ग जब नींद से जागे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया, तो नहीं खुलने पर शोर मचाया। पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने उनकी आवाज सुनी और दरवाजा खोला। तब उन्हें घर के कई कमरे खंगाले जाने और जेवरात-नकदी गायब होने का पता चला।
चोरी की सूचना निलेश यादव, कमलेश मरावी और तुलसिंह ने पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि रामभरोस मरावी ने बताया कि घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा मजबूत करने की मांग की।









