रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। खैरागढ़ जिले के बकर कट्टा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह 12 सक्रिय नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 1 करोड़ रुपए का इनामी और कुख्यात CC मेंबर रामधेर मज्जी भी शामिल है, जिसे नक्सलियों के MMC ज़ोन का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी नक्सलियों ने बकर कट्टा थाने पहुंचकर औपचारिक रूप से सरेंडर किया। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि लगातार दबाव, सफल अभियानों और विकसित हो रहे सुरक्षा तंत्र के कारण नक्सल संगठन तेजी से कमजोर हो रहा है।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों की सूची
रामधेर मज्जी – CCM – AK47
चंदू उसेंडी – DVCM – 30 कार्बन
ललिता – DVCM – कुछ नहीं
जानकी – DVCM – इंसास
प्रेम – DVCM – AK47
रामसिंह दादा – ACM – 303
सुकेश पोट्टम – ACM – AK47
लक्ष्मी – PM – इंसास
शीला – PM – इंसास
सागर – PM – SLR
कविता – PM – 303
योगिता – PM – कुछ नहीं
इनमें 6 महिला नक्सली भी शामिल हैं, जो लंबे समय से जंगलों में सक्रिय थीं।
MMC ज़ोन को बड़ा झटका
विशेषज्ञों का मानना है कि रामधेर मज्जी जैसे वरिष्ठ नक्सली कैडर का सरेंडर नक्सल संगठन के MMC ज़ोन—मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के सरहदी क्षेत्रों के लिए सबसे बड़ा झटका है। यह इलाका लंबे समय से नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। कुछ दिन पहले इसी ज़ोन के प्रवक्ता अनंत ने भी अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया था। लगातार बड़े नेताओं के सरेंडर से संकेत मिल रहा है कि MMC ज़ोन अब अपने अंतिम दौर में है।









