जगदलपुर। ‘करसाय ता बस्तर, बरसाय ता बस्तर’ के प्रेरक संकल्प के साथ आयोजित प्रतिष्ठित बस्तर ओलिंपिक-2025 का समापन समारोह शनिवार को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया की उपस्थिति भी खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा राज्य शासन के वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और कांकेर सांसद भोजराज नाग खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पहुंचेंगे। बस्तर संभाग एवं अन्य क्षेत्रों से विधायक लता उसेंडी, किरण सिंह देव, विक्रम उसेंडी, विनायक गोयल, नीलकंठ टेकाम, आशाराम नेताम, चैतराम अटामी, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी और सावित्री मनोज मंडावी भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, नगर निगम महापौर संजय पांडे, बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज व्यापार एवं विकास संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम तथा छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत की उपस्थिति भी रहेगी।
नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जगदलपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शनिवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक संपूर्ण जगदलपुर शहर को नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










