Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: सड़क हादसे में नहीं खुले एयरबैग, उपभोक्ता फोरम ने टोयटा पर ठोका 61 लाख रुपए का जुर्माना

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी को आदेश दिया है कि वह अमित अग्रवाल की इनोवा कार दुर्घटना के मामले में 61 लाख रुपये से अधिक का भुगतान करे। यह आदेश तब जारी किया गया जब दुर्घटना के समय कार के एयरबैग नहीं खुले, जिससे यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।

घटना 23 अप्रैल 2023 को हुई थी, जब कोरबा के व्यापारी अमित अग्रवाल अपने भाई सुमित अग्रवाल की इनोवा कार में रायपुर से कोरबा लौट रहे थे। ग्राम तरदा के पास सामने से आ रहे वाहन से बचते समय कार पलट गई और एक पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में अमित अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं, और उनके इलाज पर रायपुर और हैदराबाद में कुल 36.83 लाख रुपये खर्च हुए।

दुर्घटना के बाद सुमित अग्रवाल ने जिला उपभोक्ता आयोग, कोरबा में टोयोटा कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक चरण में, जिला आयोग ने कंपनी की गैरमौजूदगी में एकपक्षीय आदेश देते हुए टोयोटा को नए वाहन या उसके समतुल्य राशि के साथ इलाज का भुगतान करने का निर्देश दिया।

टोयोटा ने इस आदेश को चुनौती दी और छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग, बिलासपुर में अपील दायर की। कंपनी के वकील ने तर्क दिया कि मामला एकतरफा निपटाया गया और एयरबैग न खुलने के संबंध में विशेषज्ञ रिपोर्ट नहीं ली गई।

हालांकि आयोग ने सर्वेयर की रिपोर्ट, कार को हुई क्षति और अमित अग्रवाल की चोटों के आधार पर निष्कर्ष निकाला कि एयरबैग का न खुलना विनिर्माण दोष को दर्शाता है। आयोग ने कहा कि परिवादी ने अपनी सुरक्षा के लिए महंगी कार खरीदी थी, और आवश्यकता के समय एयरबैग न खुलना सेवा में कमी माना जाएगा।

इसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी को आदेश दिया कि वह प्रभावित परिवार को कुल 61 लाख रुपये से अधिक का भुगतान करे।

Related Posts

1 of 251