रायपुर: इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। झांकी में जनजातीय वीर नायकों को समर्पित डिजिटल संग्रहालय की अद्भुत झलक दिखाई जाएगी।
रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने छत्तीसगढ़ की झांकी को मुख्य समारोह के लिए चयनित किया है। यह डिजिटल संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में लोकार्पित किया गया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झांकी के चयन पर बधाई देते हुए कहा कि इससे देशभर के नागरिकों को आदिवासी समाज की देशभक्ति, वीरता और बलिदान की गौरवशाली परंपरा देखने का अवसर मिलेगा।
जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव ने बताया कि सभी राज्यों की झांकियों के प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजे गए थे। लगभग चार महीने की कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद 17 राज्यों की झांकियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ की झांकी भी शामिल है।
जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल ने बताया कि झांकी केंद्र सरकार की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र–वंदे मातरम्’ पर आधारित है। इसमें उन जनजातीय वीर नायकों के बलिदान और संघर्ष को प्रदर्शित किया गया है, जिनके सम्मान में देश का पहला डिजिटल संग्रहालय बनाया गया है।
इस चयन से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ आदिवासी समाज के योगदान को उचित सम्मान मिलेगा।









