रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के लिए नए साल का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की बड़ी घोषणा की है। अब राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों को केंद्र के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। यह घोषणा रायपुर के रोहिणीपुरम में आयोजित ‘राज्य कर्मचारी संघ’ के आठवें त्रैवार्षिक प्रदेश अधिवेशन के दौरान की गई।
5 लाख कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
(Chhattisgarh DA Hike) राज्य सरकार के इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के लगभग 5 लाख कर्मचारियों को वित्तीय लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने डीए को 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने का ऐलान किया है। इससे पहले, लगभग पांच महीने पहले भी सरकार ने 2 प्रतिशत डीए की वृद्धि की थी। इस नए फैसले से राजकोष पर प्रति वर्ष लगभग 540 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा।
“कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़”
अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा:
“कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ होते हैं। उनकी ईमानदारी और कर्मठता से ही सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरती हैं। महंगाई के इस दौर में यह निर्णय कर्मचारियों को राहत देने की हमारी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।”










