रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रंग में रंगने के लिए तैयार है। 23 जनवरी को नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर शहर ‘क्रिकेट फीवर’ से सराबोर है।
आज दोपहर पहुंचेगी ‘सितारों की फौज’
दोनों टीमों का आगमन आज दोपहर 2:00 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर होगा। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं: भारतीय खिलाड़ी होटल कोर्टयार्ड (छेरीखेड़ी) में रुकेंगे। कीवी टीम का ठहराव होटल हयात में सुनिश्चित किया गया है।एयरपोर्ट से लेकर होटल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लग्जरी बसों के जरिए खिलाड़ियों को पहुंचाया जाएगा।
शाम 5 बजे फ्लड लाइट्स में होगा अभ्यास
मैच की पूर्व संध्या पर आज शाम 5:00 बजे से दोनों टीमें स्टेडियम में पसीना बहाएंगी। अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देगी। न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में वापसी की कोशिश के तहत विशेष फील्डिंग और गेंदबाजी ड्रिल करेगी। पिच और आउटफील्ड का जायजा लेने के बाद टीमें अपनी प्लेइंग इलेवन पर विचार करेंगी।
शाम 7 बजे से मचेगा शोर
कल (शुक्रवार) शाम 7:00 बजे से मैच की पहली गेंद फेंकी जाएगी। 65,000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम के हाउसफुल रहने की उम्मीद है। मैच के दिन दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट जारी किया है। स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि जाम की स्थिति न बने।










