Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CGPSC परीक्षा में ये कपड़े और जूते पहनकर आए तो नहीं मिलेगा प्रवेश, आयोग ने जारी किया ड्रेस कोड और गाइडलाइंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 22 फरवरी को प्रदेश के सभी 33 जिलों में किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने इस बार भी सख्त दिशा-निर्देश और ड्रेस कोड जारी किए हैं। स्मार्टवॉच से लेकर गहरे रंग के कपड़ों तक पर प्रतिबंध लगाया गया है।

दो पालियों में होगी परीक्षा

आयोग के अनुसार परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी-

  • प्रथम पाली: जनरल स्टडीज (सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक)
  • द्वितीय पाली: एप्टीट्यूड टेस्ट (दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक)

प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 10 दिन पूर्व जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।


परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकते हैं?

  • लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल
  • प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट
  • मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड/आधार कार्ड/ई-आधार)
  • काले या नीले बॉल पेन

यदि प्रवेश पत्र पर फोटो अस्पष्ट हो तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।


इन वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध

  • मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर
  • स्मार्टवॉच या किसी भी प्रकार की घड़ी
  • किसी भी प्रकार का संचार उपकरण
  • मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते

केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे।


ड्रेस कोड अनिवार्य

  • अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा।
  • काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी या गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित हैं।
  • कार्गो या डिजाइनर कपड़े मान्य नहीं होंगे; सामान्य जींस या पैंट पहन सकते हैं।
  • महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती (आधी बांह) या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं।
  • कान में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित हैं। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र की अनुमति होगी।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान

जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों को सहलेखक की अनुमति मिली है, उनके सहलेखक को भी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। चिकित्सकीय कारणों से जूते या उपकरण पहनने की आवश्यकता होने पर गहन जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी।


समय का रखें विशेष ध्यान

  • प्रत्येक पाली के लिए परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
  • परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
  • परीक्षा समाप्ति से पहले केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सामग्री के अतिरिक्त लाई गई वस्तुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी अभ्यर्थी की स्वयं की होगी। आवश्यकता पड़ने पर तलाशी भी ली जा सकती है।

सीजीपीएससी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

Related Posts

बिलासपुर: सिंगल यूज प्लास्टिक पर हाईकोर्ट की सख्त निगरानी, प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल को…

1 of 459