रायपुर। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। राजधानी रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने मंच से राज्य के गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें “ग्रहण मंत्री” कह दिया। इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सत्ता पक्ष ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, हिंसा और नशे के मामलों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। इसी दौरान उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा, “हम इस प्रदेश के गृह मंत्री कह रहे थे, लेकिन युवाओं की ओर से बात आई है कि अब उन्हें ग्रहण मंत्री कहा जाए। जिस दिन से ये ग्रहण मंत्री कुर्सी पर बैठे हैं, प्रदेश में अराजकता का माहौल बन गया है।”
नशे और अपराध पर सरकार को घेरा
देवेंद्र यादव ने विशेष रूप से युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उनका आरोप था कि रायपुर सहित कई शहरों में ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि अपराध और असुरक्षा की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।
वहीं कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बयान पर विजय शर्मा ने भी पलटवार किया है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा– टीचर्स डे पर एक टीचर का बलात्कार हो गया था कांग्रेस की सरकार में तब वह कहां थे। मैं पूछना चाहता हूं कि पाटन विधान सभा में जब सामूहिक हत्याएं हुईं थीं, पाटन विधानसभा में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे, तब वह कहां थे? उन्हें उस समय भी चिंता करनी चाहिए थी। खैर, मुझे क्या कहा, क्या नहीं कहा, यह तो स्पष्ट हो रहा है, जो यह कह रहे हैं, जो भूपेश बघेल कह रहे हैं, उनकी शब्दों की निम्नता है उसे पर मैं नहीं कुछ कहना चाहता हूं। अपने गिरेबान में झांक कर देख ले
सरकार का जवाब: “सुरक्षा पहले से अधिक मजबूत”
कांग्रेस विधायक के बयान पर सरकार की ओर से तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने पलटवार किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है।
मंत्री ने कहा, “सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और जनता खुद बदलाव महसूस कर रही है।”
नक्सलवाद पर भी बयान
गुरु खुशवंत साहेब ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा बलों की रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
कांग्रेस पर पलटवार
मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे बयान दे रही है। “कांग्रेस की सरकार में बहनों की अस्मिता सुरक्षित नहीं थी। छत्तीसगढ़ को बर्बाद करने का काम कांग्रेस ने किया,” उन्होंने कहा।
सियासत में बढ़ी गर्मी
देवेंद्र यादव के बयान और मंत्री की प्रतिक्रिया के बाद प्रदेश की राजनीति में कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी दिनों में आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो सकते हैं, क्योंकि दोनों दल इस मुद्दे को लेकर आमने-सामने हैं।
प्रदेश में कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति क्या है, यह प्रशासनिक आंकड़ों और जमीनी हालात से तय होगा, लेकिन फिलहाल इस मुद्दे ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है।









