Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- ट्रेलर से टकराई कार, ओवरटेक के चक्कर में 2 की मौत, 5 घायल

कोरबा। जिले के कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हुआ, जिसमें एक के बाद एक कई वाहन टकरा गए।

ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सरमा निवासी इंद्रजीत नेटी, गनपत यादव, उदयपाल नेटी और पप्पू पटेल ऑल्टो कार (सीजी 12 एएल 4778) से ग्राम पूटा में विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे ग्राम केंदई के पास झरना मोड़ पर आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया।

तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकराई और सड़क पर तीन बार घूम गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रेलर ने भी कार को टक्कर मारी और आगे निकल गया। स्थिति संभलती उससे पहले अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार (सीजी 04 एनआर 2220) भी अनियंत्रित होकर ऑल्टो से जा टकराई।

दो की मौके पर मौत, पांच घायल

हादसे में ऑल्टो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। वहीं स्विफ्ट कार में सवार तीन लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस उस ट्रेलर की तलाश में जुटी है, जिससे पहली टक्कर हुई थी।

लगातार हादसों से दहशत

राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहनों की रफ्तार करीब 100 किमी प्रतिघंटा थी। पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान और ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य के बावजूद रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाओं के बाद वाहनों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है।

Related Posts

1 of 176