Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में दिनदहाड़े अपहरण: कट्टे की नोक पर दो युवकों को उठाया, 4 दिन तक बंधक बनाकर पीटा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित करबला तालाब के पास दिनदहाड़े कट्टा दिखाकर दो लोगों का अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने दोनों को कार में जबरन बैठाकर शहर में ही अलग-अलग ठिकानों पर चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा और बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान पिटाई का वीडियो भी बनाया गया।पुलिस को सूचना मिलने के बाद दोनों पीड़ितों को मुक्त कराया गया। मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पीड़ित जीवन और राकेश शर्मा धमतरी मेघा क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को उन्हें किशनपुरी निवासी जितेंद्र पटेल ने पैसे लौटाने के बहाने रायपुर बुलाया था।

जीवन के अनुसार, नौकरी लगवाने के नाम पर उससे और उसके साले से करीब दो लाख रुपये लिए गए थे। लोकेशन के मुताबिक वे करबला तालाब पहुंचे, जहां पहले से घात लगाए 5-6 लोगों ने उन्हें घेर लिया।

पहले जीवन को पकड़ा गया, फिर बीच-बचाव करने पहुंचे राकेश को भी दबोच लिया गया। दोनों के पर्स और मोबाइल छीन लिए गए और कनपटी पर कट्टा अड़ाकर कार में जबरन बैठा लिया गया।


पीड़ितों ने बताया कि उन्हें तालाब के पास ही एक स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया। दिन में एक जगह और रात में दूसरी जगह ले जाया जाता था।पहले दिन जमकर मारपीट की गई और उसका वीडियो बनाया गया। दूसरे दिन भी पिटाई जारी रही। तीसरे दिन थोड़ी राहत मिली। चौथे दिन फिर बेरहमी से हमला किया गया। मारपीट में जीवन के हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि राकेश को छाती और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

राकेश शर्मा ने बताया, “जब हम करबला तालाब पहुंचे तो हल्का अंधेरा हो चुका था। अचानक 5-6 लोग आए और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद एक कार आई, जिसमें बैठाकर हमारी आंखों पर पट्टी बांध दी गई। मारपीट के दौरान मैं बेहोश हो गया। होश में आने पर खुद को बंधा हुआ पाया।”


पीड़ितों के मुताबिक, किसी तरह सूचना पुलिस तक पहुंची। टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कर थाने लाया गया। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आजाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मोबाइल, वाहन और अन्य सामान की जब्ती की प्रक्रिया जारी है।


रायपुर में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद सुरक्षा के बड़े दावे किए जा रहे हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती और नियमित पेट्रोलिंग के बावजूद दिनदहाड़े अपहरण और चार दिन तक बंधक बनाकर रखने की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर राजधानी में इस तरह की वारदात संभव है, तो अन्य जिलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस सनसनीखेज अपहरण कांड का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Related Posts

1 of 185