Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

होली के दिन रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। होली के दिन रायपुर पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कबीर नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।

क्राइम एवं साइबर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस, साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद दो सूटकेस और एक बैग की जांच की गई, जिसमें से करीब 28 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश अग्रहारी बताया है, जो उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ कबीर नगर थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(सी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल की जांच से गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

Related Posts

1 of 203