नई दिल्ली। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में गुरुवार रात भारतीय वायु सेना का एक Su-30 MKI फाइटर जेट क्रैश हो गया। वायु सेना ने शुक्रवार को पुष्टि की कि हादसे में सवार दोनों पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुर्गाकर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार फाइटर जेट एक रूटीन ट्रेनिंग मिशन पर था और जोरहाट एयर बेस से उड़ान भरने के बाद करीब 60 किलोमीटर दूर क्रैश हो गया। विमान से शाम 7:42 बजे संपर्क टूट गया था।
वायु सेना ने एक्स पोस्ट अपने बयान में मृतक पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि इस मुश्किल समय में उन्हें पूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। सर्च ऑपरेशन और जांच जारी है।
Su-30 MKI भारतीय वायुसेना का दो-सीटर मल्टीरोल लॉन्ग-रेंज फाइटर जेट है, जिसे रूस की सुखोई कंपनी ने बनाया और HAL के लाइसेंस के तहत भारत में भी निर्मित किया जा रहा है। मौजूदा समय में भारतीय वायुसेना के पास 260 से अधिक Su-30MKI जेट हैं।
यह जेट राफेल के बाद भारतीय वायुसेना का सबसे शक्तिशाली विमान माना जाता है और एयर डिफेंस, डीप स्ट्राइक व समुद्री अभियानों में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा, ‘सुपर सुखोई’ प्रोग्राम के तहत इसे 2040 तक आधुनिक बनाने की योजना है, जिसमें इसे AESA रडार, नई एवियोनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और लंबी दूरी की मिसाइलों से लैस किया जाएगा।






