रायपुर। होली अवकाश के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से फिर शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही प्रारंभ होगी। सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल सरकार के सामने रखेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री कई महत्वपूर्ण वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन में पेश करेंगे।
आज की कार्यवाही में वन अधिकार पट्टा वितरण और उद्योग नीति के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। इनमें पुलिस, सड़क-पुल, नगरीय प्रशासन, खेल और पंचायत जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
अफीम खेती मामले पर हंगामे के आसार
सत्र के दौरान दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए अफीम खेती के मामले को लेकर सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी को लेकर भी तीखी बहस हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव ला सकती है और अफीम कांड पर विस्तृत चर्चा की मांग कर सकती है। ऐसे में आज का विधानसभा सत्र राजनीतिक रूप से काफी गरम रहने की संभावना जताई जा रही है।









