सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ‘मॉब लिंचिंग’ जैसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहाँ बच्चा चोरी के संदेह में एक ऑटो चालक को सरेराह पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ कानून को अपने हाथ में लेकर युवक पर डंडे और चप्पलें बरसाती नजर आ रही है।
क्या है पूरा विवाद?
घटना मंगलवार की है, जो रिंग रोड स्थित परशुराम मंदिर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक ऑटो चालक ने उसे रोककर ऑटो में बैठने और स्कूल छोड़ने की पेशकश की। अनजान व्यक्ति की इस हरकत से छात्रा घबरा गई और भागकर पास की एक परिचित महिला के पास जा पहुंची।
महिला ने तुरंत छात्रा की मां को सूचना दी। जब मां अपनी बेटी को लेकर घर लौट रही थी, तो रास्ते में वही ऑटो खड़ा दिखा। मां के शोर मचाते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने बिना सोचे-समझे युवक को ‘बच्चा चोर’ घोषित कर दिया और उसे पेड़ से बांधकर बेदम पिटाई कर दी।
पुलिस का पक्ष: नशे में था चालक
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में ऑटो चालक शराब के नशे में धुत पाया गया। उसने नशे की हालत में बच्ची को लिफ्ट देने की कोशिश की थी, जिसे लोगों ने बच्चा चोरी का प्रयास समझ लिया।
बड़ी बात: हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद अभी तक किसी भी पक्ष (न तो पीड़ित पक्ष और न ही ऑटो चालक) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
वायरल वीडियो ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग किस तरह कानून को ठेंगे पर रखकर युवक को पीट रहे हैं। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










