Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में खौफनाक वारदात: हेडलाइट की रोशनी मारने से टोका, तो बस सुपरवाइजर को चाकुओं से गोदा, ₹15 हजार की लूट

रायपुर। राजधानी के पॉश इलाके सिविल लाइन में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब मामूली विवाद पर जान लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। 11 मार्च की शाम केनाल रोड के पास कांकेर बस सर्विस के सुपरवाइजर पर चार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने न केवल सुपरवाइजर को लहूलुहान किया, बल्कि उससे 15 हजार रुपये भी लूटकर फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित डेनियल मसीह कांकेर बस सर्विस में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह केनाल रोड स्थित ऑफिस में कर्मचारियों को वेतन का पैसा बांटने गया था। इसी दौरान ऑफिस के पास एक्टिवा सवार एक युवक पहुंचा और जानबूझकर अपनी गाड़ी की हेडलाइट की रोशनी डेनियल की आंखों पर मारने लगा।

गाली-गलौज के बाद साथियों को बुलाया

जब डेनियल ने लाइट मारने से मना किया, तो युवक भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ वापस लौटा। चारों ने मिलकर डेनियल को घेर लिया और बेदम पिटाई शुरू कर दी।

चाकू के वार से तोड़ी नाक की हड्डी

जब डेनियल ने अपना बचाव करने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में डेनियल के शरीर पर चार गहरे जख्म आए हैं और गंभीर चोट के कारण उसकी नाक की हड्डी टूट गई है। हमला करने के बाद आरोपी डेनियल के पास रखे 15,000 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी

घटना के बाद वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने खून से लथपथ डेनियल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।



Related Posts

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले पेपर लीक! BSc सेकंड ईयर का एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में…

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 456