रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने विभिन्न अध्ययनशालाओं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रवेश परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन पंजीयन के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग को 400 रुपये तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा।
विश्वविद्यालय ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत स्नातक के साथ-साथ स्नातकोत्तर स्तर पर भी अब सेमेस्टर प्रणाली लागू है। नवंबर-दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो जाने के कारण छात्रों को पहले की तरह सितंबर-अक्टूबर तक प्रवेश देना संभव नहीं हो पाता। इसी वजह से इस बार पंजीयन और प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया पहले ही शुरू की गई है।
प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल
- ऑनलाइन पंजीयन: 9 मार्च से 9 अप्रैल तक
- प्रवेश पत्र जारी: 15 अप्रैल
- प्रवेश परीक्षा (ऑफलाइन): 7 मई से 10 मई के बीच प्रस्तावित
परिणाम का इंतजार कर रहे छात्र भी कर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा के लिए स्नातक अंतिम वर्ष के वे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका परिणाम घोषित हो चुका है या जो वर्तमान में अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
विषयवार ऑफलाइन परीक्षा की वास्तविक तिथि और अन्य निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे ऑनलाइन पंजीयन और अन्य अपडेट के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।









