रायपुर। रायपुर–धमतरी नेशनल हाईवे पर संबलपुर ओवरब्रिज के आगे डीपीएस स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तरबूज (कलिंदर) से भरी एक पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पिकअप चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मानपुर की ओर से तरबूज लेकर आ रही पिकअप क्रमांक CG 04 PQ 8948 डीपीएस स्कूल के पास अचानक पंचर हो गई थी। चालक चेतन साहू (25 वर्ष), निवासी भेण्डी मगरलोड और उसका सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आयरन (कच्चा लोहा) लेकर रायपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक CG 17 KU 7583 ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टक्कर मारने वाला ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे में पिकअप चालक चेतन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तरुण साहू के हाथ में चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डूमन साहू, योगेश साहू और अमन साहू मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। उनकी सहायता से मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया गया।
बाद में टोल प्लाजा की क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। अर्जुनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









