एशियन गेम्स 2026 में भी भारतीय क्रिकेट टीम ने मेंस टी20 का गोल्ड मेडल जीत लिया है. पिछले एशियन गेम्स की चैंपियन टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को 19 रन से हराया. इसके साथ ही आइची-नागोया गेम्स में भारत की झोली में 19वां गोल्ड मेडल भी आ गया. भारतीय टीम की जीत के स्टार अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे रहे. वहीं पाकिस्तान का एशियन गेम्स 2026 में पहला गोल्ड मेडल जीतने का ख्वाब भी टूट गया.
अभिषेक-तिलक की धुआंधार बैटिंग
टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी औ अभिषेक शर्मा ने 2 ओवर में ही 28 रन कूटकर तेज शुरुआत की. मगर वैभव तीसरे ओवर में आउट हो गए, जबकि संजू सैमसन भी ज्यादा देर नहीं टिके. अभिषेक शर्मा ने हालांकि धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. अभिषेक ने सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन (7 छक्के, 3 चौके) कूटे.
मगर उसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर सके. वो तो अंत में तिलक वर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 51 रन और शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 27 रन ठोककर टीम को 211 रन तक पहुंचाया. पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद (1/27) और अराफात मिन्हास (2/25) सबसे असरदार गेंदबाज रहे.
नवाज ने दी टेंशन, फिर ऐसे जीती टीम इंडिया
दूसरी ओर पाकिस्तान की शुरुआत भी कोई खास नहीं रही और टीम ने सिर्फ 39 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. इसमें 2 विकेट अक्षर पटेल (2/29) ने झटके, जबकि एक सफलता वॉशिंगटन सुंदर (2/29) को मिली. मगर इसके बाद हसन नवाज ने हल्ला बोल दिया और भारतीय गेंदबाजों पर चौके-छक्के बरसा दिए. हालांकि उनकी पारी की शुरुआत में ही वैभव सूर्यवंशी ने एक कैच टपका दिया, जब वो 4 रन पर थे. इसका फायदा उठाकर नवाज ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को लक्ष्य की ओर ले जाते रहे.
नवाज ने सैम अयूब के साथ मिलकर 87 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान की मुकाबले में वापसी कराई. शिवम दुबे ने अयूब को आउट कर ये साझेदारी तोड़ी लेकिन भारत की परेशानी कम नहीं हुई. फिर 18वें ओवर में सुंदर और 19वें में जसप्रीत बुमराह ने मिलकर सिर्फ 19 रन खर्चे, जिससे आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 33 रन की जरूरत थी. दुबे (2/33) ने ऐसा नहीं होने दिया और आखिरी गेंद पर नवाज को 96 रन (51 गेंद, 7 छक्के, 5 चौके) पर आउट करते हुए पाकिस्तान को 192 रन पर रोक दिया.









