राजधानी रायपुर में पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने और फर्जी डिग्री बनाने के नाम पर हुए 2.34 करोड़ रुपए के ठगी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी साक्षी सिंह को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी मेडिकल डिग्री तैयार करने का काम करती थी।
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान साक्षी सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया।
फर्जी MBBS-BAMS डिग्री तैयार करती थी
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर डी.वाई. पाटिल यूनिवर्सिटी के नाम से फर्जी MBBS और BAMS डिग्री तैयार कर गिरोह को उपलब्ध कराती थी। पुलिस ने उसके पास से 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
17 फरवरी को दर्ज हुई थी शिकायत
इस मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2026 को हुई, जब संजय निराला ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि ठगों ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी और फर्जी सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर उनसे और उनके रिश्तेदारों से 2.34 करोड़ रुपए ठग लिए।
पहले ही 4 आरोपी गिरफ्तार
इस केस में पुलिस पहले ही भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार कर चुकी है। अब साक्षी सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।










