Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई: मुंगेली में रेंजर-दरोगा गिरफ्तार, मनेन्द्रगढ़ में अकाउंटेंट पकड़ा गया

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जिलों में अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मुंगेली में रेंजर और डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

मुंगेली जिले में ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारी एटीआर के सुरही रेंज में पदस्थ थे।

मिली जानकारी के अनुसार, जंगल में एयर गन से फायरिंग कर वीडियो बनाने के मामले में वन्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। इसी मामले में चालान पेश करने के एवज में दोनों अधिकारियों ने 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

मनेन्द्रगढ़ में अकाउंटेंट भी गिरफ्तार

वहीं मनेन्द्रगढ़ में भी ACB ने एक अकाउंटेंट को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एक ठेकेदार से काम का बिल पास कराने के बदले ₹53,000 की मांग की गई थी।

इसमें से ₹20,000 पहले ही दिए जा चुके थे। गुरुवार दोपहर ठेकेदार ₹33,000 लेकर CMO के घर पहुंचा। CMO के निर्देश पर ठेकेदार ने यह रकम अकाउंटेंट को सौंपी। जैसे ही अकाउंटेंट ने पैसे लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

लगातार कार्रवाई से हड़कंप

ACB की इन लगातार कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। टीम आगे की जांच में जुटी हुई है और दोनों मामलों में अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

Related Posts

1 of 241