बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी धाम से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मंदिर परिसर स्थित दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। इस आगजनी में करीब 6 से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा ट्रांसफार्मर में बंदर के कूदने से हुआ। बताया जा रहा है कि बंदर के संपर्क में आने से ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। इस घटना में ट्रांसफार्मर से झुलसकर बंदर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। साथ ही गिरौदपुरी चौकी प्रभारी और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं प्रशासन नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है।










