केशकाल: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से अक्सर दिलचस्प खबरें सामने आती हैं, लेकिन इस बार केशकाल विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में हुई शादी ने पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। यहाँ एक दूल्हे ने एक ही मंडप में, एक ही समय पर दो दुल्हनों के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की है।
सहमति और समाज की रजामंदी
यह अनोखा मामला फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव का है। बीती 24 मार्च को यहाँ के एक युवक ने दो युवतियों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी रचाई। आमतौर पर ऐसी शादियाँ विवादों में रहती हैं, लेकिन इस मामले में खास बात यह रही कि दूल्हे और दोनों दुल्हनों के बीच पूरी आपसी सहमति थी। इतना ही नहीं, दोनों परिवारों और स्थानीय समाज ने भी इस रिश्ते को सहर्ष स्वीकार किया और पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया।
निमंत्रण पत्र पर दर्ज थे दोनों दुल्हनों के नाम
शादी से पहले दूल्हे ने बाकायदा निमंत्रण पत्र (Wedding Card) छपवाया था। इस कार्ड में दूल्हे के नाम के साथ दोनों दुल्हनों के नाम प्रमुखता से लिखे गए थे। यह कार्ड जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो इलाके में कौतूहल का विषय बन गया। रिश्तेदारों और परिचितों को इसी अनोखे कार्ड के जरिए न्योता दिया गया था।
हल्दी से लेकर फेरों तक… सब कुछ रहा उत्सव जैसा
शादी की रस्में किसी बड़े त्योहार की तरह मनाई गईं। हल्दी की रस्म से लेकर सात फेरों तक, दोनों दुल्हनों ने एक साथ मिलकर रस्में पूरी कीं। विवाह के बाद आयोजित रिसेप्शन पार्टी में माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
- DJ की धुन पर डांस: रस्मों के बाद दूल्हे राजा ने अपनी दोनों दुल्हनों के साथ डीजे की धुन पर जमकर डांस किया।
- ग्रामीणों का हुजूम: इस अनोखी और दुर्लभ शादी का गवाह बनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बैलगांव पहुंचे थे।
चर्चा का विषय बनी ‘डबल वेडिंग’
बस्तर के आदिवासी अंचलों में कई बार ऐसी परंपराएं देखने को मिलती हैं जहाँ आपसी सहमति से इस तरह के विवाह संपन्न होते हैं, लेकिन केशकाल की इस शादी ने आधुनिक समय में भी लोगों का ध्यान खींचा है। फिलहाल, इस ‘त्रिकोणीय’ प्रेम और विवाह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किए जा रहे हैं।










