देशभर में हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag एनुअल पास की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है. नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी. अब तक FASTag का सालाना पास 3,000 रुपये में मिलता था, लेकिन अब इसमें 75 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. यानी अब आपको यह पास 3,075 रुपये में मिलेगा.
FASTag एनुअल पास एक प्रीपेड टोल प्लान है, जिसे खास तौर पर उन लोगों के लिए शुरू किया गया था जो अक्सर हाईवे पर यात्रा करते हैं. इस प्लान में एक बार भुगतान करने के बाद आपको बार-बार FASTag रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती. यह पास 1 साल या 200 टोल पार करने तक मान्य होता है, जो भी पहले पूरा हो जाए.
क्यों बढ़ाई गई कीमत?
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अनुसार, यह बढ़ोतरी नेशनल हाईवे फीस नियम 2008 के तहत की गई है. सरकार का कहना है कि FASTag एनुअल पास का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है. अभी तक 56 लाख से ज्यादा लोग इस सेवा का फायदा उठा चुके हैं.
किन वाहनों के लिए लागू होगा?
यह एनुअल पास केवल प्राइवेट वाहनों जैसे कार, एसयूवी और वैन के लिए लागू होगा. यह पास देशभर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जो हाईवे और एक्सप्रेसवे पर स्थित हैं. FASTag एनुअल पास से यात्रियों को कई फायदे मिलते हैं. सबसे बड़ा फायदा यह है कि बार-बार टोल के लिए रुकना या रिचार्ज करना नहीं पड़ता. इसके अलावा, सभी टोल भुगतान कैशलेस तरीके से हो जाते हैं, जिससे समय की बचत होती है.
कैसे खरीदें FASTag एनुअल पास?
FASTag एनुअल पास खरीदना बहुत आसान है. इसके लिए आपको Rajmarg Yatra ऐप डाउनलोड करना होगा या MoRTH/NHAI की वेबसाइट पर जाना होगा. इसके बाद अपनी गाड़ी की जानकारी और FASTag ID दर्ज करनी होगी. ध्यान रखें कि FASTag एक्टिव और सही तरीके से गाड़ी से जुड़ा होना चाहिए. फिर आप नेट बैंकिंग, UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकते हैं. भुगतान पूरा होने के बाद आपका पास उसी FASTag ID से लिंक हो जाएगा और आपको SMS के जरिए पुष्टि मिल जाएगी.










